Uncategorized

“ऑपरेशन प्रहार” पर डीजीपी की हाईलेवल समीक्षा, 1400 से अधिक अपराधी गिरफ्तार

प्रदेशभर में अपराधियों, असामाजिक तत्वों और साइबर ठगों के खिलाफ सख्त अभियान जारी

देहरादून, 14 मई। दीपम सेठ की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय सभागार में राज्यव्यापी विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गढ़वाल एवं कुमाऊँ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षकों, सभी जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, एसटीएफ तथा जीआरपी अधिकारियों ने बैठक में प्रतिभाग किया।
बैठक में पिछले एक माह से चल रहे अभियान के तहत अपराधियों, असामाजिक तत्वों, साइबर ठगों, अवैध हथियार तस्करों तथा बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की गई।
1400 से अधिक अपराधी गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस ने 1400 से अधिक वांछित, फरार, इनामी एवं पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया। संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत 40 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि गुंडा एक्ट में 130 से अधिक लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
अवैध हथियार और आतंकी नेटवर्क पर कार्रवाई
राज्यभर में चलाए गए अभियान के दौरान 66 अवैध हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने हथियार सप्लाई चेन पर भी कार्रवाई शुरू की है।
ऊधमसिंहनगर पुलिस ने हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा को भारी मात्रा में अवैध असलाह एवं कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। जांच में इनके तार आतंकी संगठन अल बदर से जुड़े पाए गए। वहीं एसटीएफ ने देहरादून से विक्रांत कश्यप को अवैध पिस्टल और कारतूसों सहित गिरफ्तार किया, जिसके पाकिस्तानी आतंकी संगठन अल बरक ब्रिगेड से संपर्क होने की जानकारी सामने आई।
बांग्लादेशी घुसपैठियों पर शिकंजा
राज्य में विभिन्न स्थानों पर फर्जी दस्तावेजों और पहचान पत्रों के सहारे रह रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।
40 हजार से अधिक लोगों का सत्यापन
किरायेदारों, पीजी, होटल, धर्मशाला, आश्रम और मल्टीस्टोरी अपार्टमेंट्स में चलाए गए सत्यापन अभियान के दौरान 40 हजार से अधिक लोगों का सत्यापन किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव, फर्जी नंबर प्लेट और हूटर के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान चलाते हुए पुलिस ने 15 हजार से अधिक वाहनों के चालान किए। 900 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 2 हजार से अधिक वाहन सीज किए गए।
होटल, बार और ढाबों की सघन जांच
अभियान के तहत राज्यभर में 18 हजार से अधिक होटल, बार, पब, क्लब, स्पा और ढाबों की जांच की गई। नियमों के उल्लंघन पर 1200 से अधिक लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
चारधाम यात्रा में साइबर सुरक्षा पर विशेष फोकस
चारधाम यात्रा के दौरान साइबर ठगी रोकने के लिए पुलिस ने 200 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया लिंक ब्लॉक किए तथा 50 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबर बंद कराए। यात्रा पंजीकरण, हेली टिकट और होटल बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले 147 लिंक ऑपरेटरों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए।
डीजीपी बोले- अभियान और तेज होगा
बैठक में दीपम सेठ ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस राज्य के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग, सत्यापन और संगठित अपराध पर कार्रवाई को “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रखा जाएगा।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन, ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक विम्मी सचदेवा, रिधिम अग्रवाल, नीलेश आनन्द भरणे, राजीव स्वरूप सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button