उत्तराखण्डमतदान

आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने की समीक्षा बैठक

फार्म 6, 7 और 8 के दैनिक रिव्यू के निर्देश, एक सप्ताह में बीएलए को उपलब्ध कराई जाए ASD सूची

देहरादून 12 मई । डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की तैयारियों के संबंध में सचिवालय से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने तैयारियों को अंतिम रूप देने तथा मैपिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी ईआरओ को निर्देशित किया कि फार्म-6, 7 और 8 का प्रतिदिन अनिवार्य रूप से रिव्यू कर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर तैयार ASD (ऐबसेंट, शिफ्टेड, डेथ) सूची को राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के साथ भी अनिवार्य रूप से साझा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी बूथ लेवल एजेंट्स को ASD सूची उपलब्ध करा दी जाए।
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों में गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, लॉजिस्टिक व्यवस्था एवं वितरण योजना की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिलाधिकारी आगामी एक सप्ताह के भीतर संबंधित नगर निगम क्षेत्रों के नगर आयुक्तों के साथ बैठक कर SIR अभियान की कार्ययोजना को और अधिक प्रभावी बनाएं।
इसके साथ ही बीएलओ प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पुनरीक्षण अभियान को सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Related Articles

Back to top button