समाज का विश्वास जीतना भाजपा का लक्ष्य : मनवीर सिंह चौहान
Narendra Modi के नेतृत्व में देश तेजी से विकसित राष्ट्र की दिशा में अग्रसर

देहरादून,10 मई। भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सक्षम समाज से समर्थ राष्ट्र निर्माण का अनंत आंदोलन है। हमारा लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज का विश्वास जीतना भी होना चाहिए। यह बात भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने देहरादून महानगर के प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कही।
राजधानी के पटेल नगर में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में उन्होंने बदलती परिस्थितियों में मीडिया समन्वय की भूमिका पर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित है, लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण यह है कि भाजपा एक व्यापक सामाजिक संगठन के रूप में समाज में जागरूकता और समन्वय का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा चुनावी राजनीति में मजबूत स्थिति में नहीं थी, तब भी उसके कार्यकर्ता समाज में सकारात्मक परिवर्तन और राष्ट्र जागरण के कार्य में अग्रणी भूमिका निभाते रहे। आज देश Narendra Modi के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के अभूतपूर्व कार्यों के कारण विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष और कुछ नकारात्मक शक्तियां जनता के विश्वास को तोड़ने का प्रयास कर रही हैं।
श्री चौहान ने कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाकर सकारात्मक माहौल बनाना समय की आवश्यकता है। इसके लिए प्रभावी संवाद और मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सत्य, सकारात्मकता और संगठनात्मक अनुशासन के साथ मीडिया और सोशल मीडिया का उपयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज का युग विचार और सूचना की शक्ति का युग है। सोशल मीडिया के माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन का संवाद दूत बन चुका है। फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब जैसे मंचों ने संवाद की शक्ति को कई गुना बढ़ाया है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी है। एक गलत सूचना समाज में भ्रम फैला सकती है और असंयमित भाषा संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से डिजिटल अनुशासन बनाए रखने और सोशल मीडिया पर संयमित एवं सकारात्मक भाषा का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से केवल प्रतिक्रिया की राजनीति नहीं, बल्कि सकारात्मक राजनीति का संदेश समाज तक पहुंचाना चाहिए। मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और उसके साथ स्वस्थ संवाद एवं सम्मानजनक संबंध बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि अफवाहों के इस दौर में सत्य और संयम सबसे बड़ी शक्ति है, जिसे मीडिया के सभी माध्यमों से मजबूती से स्थापित करना होगा। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि समाज का विश्वास जीतकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाना है।


