उत्तराखण्डयातायात संबंधी

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा का UTC मुख्यालय दौरा, यात्री सुविधाओं और सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश

देहरादून, 04 मई । उत्तराखंड के माननीय परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने आज उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) के कुल्हान, सहस्त्रधारा स्थित मुख्यालय का औपचारिक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निगम की कार्यप्रणाली, यात्री सुविधाओं तथा परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता का विस्तृत अवलोकन किया।
दौरे के दौरान मंत्री जी ने अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की, जिसमें परिवहन सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में बस अड्डों की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ नए प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।
मंत्री जी ने बस सेवाओं की समयबद्धता और संचालन दक्षता में सुधार पर जोर देते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक और पर्यावरण अनुकूल वाहनों को प्राथमिकता देने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत करने पर भी विशेष बल दिया गया।
उन्होंने कर्मचारियों के प्रशिक्षण और कार्य परिस्थितियों में सुधार को भी आवश्यक बताया और कहा कि इससे सेवाओं की गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव आएगा। मंत्री जी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्री संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड परिवहन निगम राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इसे आधुनिक व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
दौरे के अंत में मंत्री जी ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक में परिवहन निगम की एमडी रीना जोशी, वित्त नियंत्रक आनंद सिंह, महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह, महाप्रबंधक (कार्मिक) पवन मेहरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button