उत्तराखण्डजनसुनवाई

जनता दरबार में उमड़ा जनसैलाब: बुजुर्गों पर उत्पीड़न के मामलों में सख्ती, 167 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण

देहरादून,27 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दरबार में आमजन की समस्याओं का व्यापक समाधान किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में कुल 167 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
जनता दरबार में सामाजिक सरोकार से जुड़े मामलों ने विशेष ध्यान खींचा। फतेहपुर निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग बीर सिंह ने अपने पुत्र और पुत्रवधू द्वारा मारपीट और उत्पीड़न की शिकायत की। इस पर अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी तरह इंद्रा कॉलोनी निवासी अशोक कुमार धवन और हरेकृष्णा विहार की शकुंतला कौर ने भी पारिवारिक उत्पीड़न के मामले उठाए, जिन पर भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों की समस्याओं पर भी प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाई। कांवली रोड निवासी अमरजीत कौर की बेटियों की शिक्षा हेतु नंदा सुनंदा प्रोजेक्ट के तहत सहायता देने के निर्देश दिए गए। वहीं माजरीमाफी निवासी छात्र आर्यन रमोला और डालनवाला की विनिता के मामलों में भी शिक्षा विभाग को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
दिव्यांग बुजुर्ग वीरेन्द्र धीमान की आर्थिक सहायता की गुहार पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सहायता प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं मेहुंवालामाफी की नेहा द्वारा ऋण माफी के मामले में एलडीएम को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में अवैध अतिक्रमण और निर्माण से जुड़े मामलों पर भी प्रशासन सख्त नजर आया। ग्रामसभा लांघा के मजरा टीकरी में सरकारी मार्ग पर कब्जे की शिकायत पर तत्काल अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए। इन्द्रा एन्क्लेव में बिना अनुमति मोबाइल टावर स्थापना के मामले में कार्य पर रोक लगाकर जांच शुरू कर दी गई।
इसके अलावा मोटर मार्ग निर्माण में देरी और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई। प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनता दरबार में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, एसडीएम स्मृता परमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार और मुख्य शिक्षा अधिकारी वी.के. ढौडियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button