उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

हेमवती नंदन बहुगुणा की 107वीं जयंती पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून 25 अप्रैल । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को घंटाघर के निकट एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की 107वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बहुगुणा जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई और अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश एवं समाज को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति समर्पित एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व थे, जिन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय अंचलों के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा जी ने पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिली। उनका संपूर्ण जीवन जनकल्याण, सामाजिक समरसता और समावेशी विकास के मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उनके आदर्श और विचार आज भी समाज को प्रेरित करते हैं और जनहित में कार्य करने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय बहुगुणा जी का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर विजय बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक दुर्गेश्वर लाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button