श्रमिकों के धरने ने लिया उग्र रूप,स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने किया बलप्रयोग
उधम सिंह नगर 25 अप्रैल । जनपद के पंतनगर सिडकुल स्थित वी-गार्ड में श्रमिकों के धरने ने शनिवार को उग्र रूप ले लिया। पुलिस ने स्थिति को काबू करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। जिसमें कई श्रमिकों के चोटिल होने की सूचना है।
शनिवार को उधम सिंह नगर के पंतनगर सिडकुल क्षेत्र में स्थित वी-गार्ड कंपनी के बाहर चल रहा श्रमिकों का धरना उग्र हो गया। बताया जा रहा है कि श्रमिक पिछले कई दिन से अपनी मांगों को लेकर कंपनी परिसर के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे, जो शनिवार को अचानक उग्र हो गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर तहसीलदार दिनेश कुटेला और पंतनगर सिडकुल चैकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को कंपनी परिसर से बाहर करने की कोशिश की। किन्तु श्रमिक उग्र हो गए। जिसके बाद पुलिस को हालात नियंत्रण में करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिससे माहौल और अधिक बिगड़ गया।घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शनकारी श्रमिकों का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे कई लोगों को चोटें आईं और कुछ श्रमिक बेहोश हो गए। घायल श्रमिकों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जबकि कुछ को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के बाद कंपनी परिसर के बाहर हंगामा जारी है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत की कोशिश की जा रही है। बता दें कि सिडकुल में इस समय वी-गार्ड, महाबल ऑटो इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड और बेलाराइज जैसी कई कंपनियों में काम करने वाले श्रमिक अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। मजदूरों का कहना है कि उन्हें न तो समय पर बोनस मिलता है और न ही भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक है। इसके साथ ही श्रमिकों ने वेतन बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की है।



