उत्तराखण्डशिक्षा

राज्यपाल ने यूटीयू के 9वें दीक्षांत समारोह में बांटी उपाधियां, मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

देहरादून,22 अप्रैल 2026 । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने बुधवार को वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नवें दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करते हुए विभिन्न स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक देकर सम्मानित किया।
दीक्षांत समारोह में तुलाज इंस्टीट्यूट की बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शाखा की छात्रा गुंजन भटनागर को विश्वविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर “श्रीमती विनोद देवी अग्रवाल मेमोरियल गोल्ड मेडल” से सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में नव निर्मित छात्रावास “गंगा” का लोकार्पण भी किया। साथ ही एआई लिटरेसी, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग विवरणिका, इवोरा उत्तराखण्ड एनवायरनमेंट गार्डियन ऐप तथा सेंटर फॉर इंडियन नॉलेज सिस्टम की विवरणिका का विमोचन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन में नई दिशा और जिम्मेदारियों की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पांच हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा के एक महत्वपूर्ण चरण को पूर्ण कर राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और अब वे भविष्य के नेतृत्वकर्ता हैं।
राज्यपाल ने युवाओं को तकनीक के बदलते दौर के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मेटावर्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, स्पेस और नैनो टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में दक्षता हासिल करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नवाचार अपनाने और रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने की दिशा में कार्य करने का आग्रह किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देने की प्रेरणा देते हुए कहा कि तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय मूल्य, नैतिकता और संवेदनशीलता का समावेश भी अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों एवं नवाचारों की जानकारी दी। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन.के. जोशी, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, हेमवती नंदन बहुगुणा चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल, वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली उत्तराखण्ड हॉर्टिकल्चर एवं फॉरेस्ट्री विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. परविन्दर कौशल, गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
राज्यपाल ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखण्ड के युवा अपनी प्रतिभा, नवाचार और समर्पण से प्रदेश एवं देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

Related Articles

Back to top button