इगास की लोकधुनों पर जमकर थिरके बंशीधर तिवारी, पहाड़ी रंग में दिखे सूचना महानिदेशक
लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का दिया संदेश, बोले- अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहना जरूरी
देहरादून 14 नवम्बर । उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं के प्रति जुड़ाव जब व्यवहार में नजर आता है, तो वह अपने आप में एक संदेश बन जाता है। देहरादून में इगास बग्वाल के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी पहाड़ी रंग में पूरी तरह रंगे नजर आए।
बंजारावाला स्थित गंगोत्री विहार में आयोजित इगास बग्वाल समारोह में जैसे ही पारंपरिक पहाड़ी लोकगीतों की धुन गूंजी, बंशीधर तिवारी भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। उन्होंने लोकगीतों पर जमकर नृत्य किया और अपनी सहज भागीदारी से कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। उनके इस अंदाज ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और इगास की खुशियों को दोगुना कर दिया।
इस दौरान अपने संबोधन में बंशीधर तिवारी ने कहा कि रोजगार, शिक्षा और बेहतर अवसरों की तलाश में उत्तराखंड के लोग भले ही देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बस गए हों, लेकिन अपनी संस्कृति, सभ्यता और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इगास जैसे पारंपरिक लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान और गौरव के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हमारी लोकपरंपराओं को जीवंत रखने, नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने और समाज में आपसी मेलजोल एवं भाईचारे को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।
बंशीधर तिवारी का लोकगीतों पर थिरकना और समारोह में उत्साहपूर्वक शामिल होना इस बात का संदेश देता नजर आया कि संस्कृति केवल किताबों और आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसे अपने व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनाना भी जरूरी है। इगास के रंग में रंगे उनके इस पहाड़ी अंदाज ने समारोह को यादगार बना दिया।