उत्तराखण्डराज्यविशेष समाचार

संविधान प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान और अधिकार के साथ जीने की गारंटी देता है : निवर्तमान जस्टिस राजेश टंडन

पुलिस लाइन देहरादून में ट्रांसजेंडर अधिकारों को लेकर विधि-पाठशाला अधिवेशन आयोजित, न्यायिक एवं सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों ने रखे विचार

देहरादून 14 नवम्बर । पुलिस लाइन, रेसकोर्स देहरादून स्थित ऑडिटोरियम में रितु गुजराल फाउंडेशन की ओर से ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक समानता को लेकर विधि-पाठशाला के रूप में अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निवर्तमान जस्टिस श्री राजेश टंडन ने कहा कि भारतीय संविधान महिला, पुरुष और ट्रांसजेंडर सहित प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान और अधिकार के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। प्रत्येक नागरिक की कानूनी और नैतिक जिम्मेदारी है कि वह सभी का सम्मान करे तथा किसी के भी अधिकारों का हनन न होने दे।

उन्होंने कहा कि समाज में समानता और समावेशिता की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। ट्रांसजेंडर समुदाय को भी अन्य नागरिकों की तरह सम्मान, गरिमा और समान अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए सामाजिक सोच में सकारात्मक बदलाव लाना जरूरी है।

अधिवेशन में ट्रांसजेंडर समुदाय की लैंगिक पहचान, सामाजिक स्थिति, संवैधानिक अधिकारों और कानूनी संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि लैंगिक पहचान व्यक्ति की आंतरिक अनुभूति और स्वयं की पहचान से जुड़ा विषय है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति के प्रति भेदभाव करने के बजाय उसकी गरिमा, स्वतंत्रता और अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में विभिन्न गणमान्य समाजसेवियों, विधि विशेषज्ञों और विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर एडवोकेट राकेश गुप्ता, दीप्ति रावत भारद्वाज और आर.एस. राघव सहित अन्य वक्ताओं ने ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों और समाज में उनकी समान भागीदारी सुनिश्चित करने से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।

इसी क्रम में मायादेवी यूनिवर्सिटी के लॉ विभाग के छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। विश्वविद्यालय के लॉ डीन प्रोफेसर (डॉ.) अनिल कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन एवं सहायक प्रोफेसर रवीशा कुर्तियाल के निर्देशन में विद्यार्थियों ने अधिवेशन में प्रतिभाग किया। अपने विचार रखने वाले विद्यार्थियों में सोमी साहनी, शालिया, निशा कुमारी, वंशिका आर्या, जशनदीप कौर, सरगम भट्ट और हर्ष कुमार प्रमुख रहे।

कार्यक्रम के अंत में रितु गुजराल फाउंडेशन की अध्यक्ष रितु गुजराल ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, समाजसेवियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने और समान अधिकारों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Advt.

Related Articles

Back to top button