डोभाल पर राहुल की टिप्पणी प्रत्येक देशभक्त उत्तराखण्डी का अपमान : भाजपा
राष्ट्र सुरक्षा के दायित्वों से बंधे, डोभाल को राजनीति में घसीटना देशविरोधी मानसिकता : भट्ट
देहरादून 20 सितबंर। भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा देवभूमि के गौरव और देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना करते हुए प्रत्येक देशभक्त का अपमान बताया है।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इसे कांग्रेस पार्टी की राष्ट्र विरोधी मानसिकता का परिचायक बताते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत देश की तमाम महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन करने वाले व्यक्तियों पर की गई गैरजिम्मेदाराना टिप्पणियों को आपत्तिजनक एवं निंदनीय बताया है। डोभाल के खिलाफ अत्यन्त आपत्तिजनक एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है। जबकि वे राष्ट्र सुरक्षा से जुड़ी सैन्य, खुफिया, कूटनीति के मामलों को अधिकृत रूप से संभालते हैं। वह जो भी करते हैं वे सब अधिकार उन्हें राष्ट्रहित में जनता द्वारा निर्वाचित सरकार द्वारा प्रदत्त किए गए हैं। वहीं वे जिस भूमिका में हैं, उसमें वे अपने ऊपर लगे ऐसे घटिया एवं सस्ती लोकप्रियता वाले झूठे आरोप का जवाब देने सार्वजनिक भी नहीं आ सकते हैं। ऐसे में राहुल गांधी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा की अहम जिम्मेदारी निभाने वाले पद की गरिमा का अपमान और देश की छवि खराब करने का पाप कर रहे हैं।
भट्ट ने कहा कि श्री डोभाल पर की गई यह टिप्पणियां समूचे देश विशेषकर उत्तराखंड के लिए अपमानजनक है। क्योंकि उनके जीवन और उपलब्धियों से प्रत्येक राज्यवासी प्रेरणा लेता है। उन्होंने आईपीएस अधिकारी बनकर पाक एवं अन्य देशों में जान दांव पर लगाकर खुफिया मिशन पूरे किए हैं। आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशनों को सफल बनाया और अब विगत 12 वर्षों से देश को सुरक्षित बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। यह सब सामान्य परिवार से निकलकर उन्होंने हासिल किया और यही परिवारवादी लोगों को हजम नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मे भी कांग्रेस ने देवभूमि के एक और लाल, स्वर्गीय जनरल विपिन रावत को सड़क का गुंडा बताया और खून की दलाली के आरोप तक लगाए। सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत सहित ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय जहाजों के नुकसान का हिसाब मांगा। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पद को सार्वजनिक मंच पर घसीटना अत्यंत आपत्तिजनक और निंदनीय है।
देवभूमि की जनता कांग्रेस को उसकी राष्ट्रविरोधी मानसिकता के लिए माफ नही करेगी और आगामी विधानसभा चुनावों में लोकतांत्रिक तरीके से कड़ा सबक सिखाएगी।


