उत्तराखण्डराजनीति

मुख्यमंत्री आवास घेराव में उमड़ा कांग्रेस का हुजूम, गोदियाल बोले- 2027 में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी जनता

देहरादून, 7 सितंबर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान, बढ़ते महिला अपराध, पेपर लीक, नौकरियों की कथित बिक्री, किसानों के उत्पीड़न और जमीनों की अनैतिक नीलामी के विरोध में आयोजित ‘हल्ला बोल- मुख्यमंत्री आवास घेराव’ कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी जुटान देखने को मिला। भारी बारिश के बावजूद प्रदेशभर से पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं ने परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यक्रम की सफलता के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह और एकजुटता के साथ भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की है, वह आने वाले राजनीतिक बदलाव का संकेत है।
गोदियाल ने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता देहरादून पहुंचे और मुख्यमंत्री आवास घेराव के माध्यम से भाजपा की धामी सरकार को चेताने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क पर संघर्ष कर रही है। सचिवालय घेराव के बाद मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार के कथित कुशासन और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की कथित तानाशाही, जनविरोधी नीतियों और कुशासन से मुक्ति दिलाएगी तथा कांग्रेस को पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता सौंपेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य के शहीदों के सपनों को साकार करने की दिशा में काम किया जाएगा।
गोदियाल ने मुख्यमंत्री आवास घेराव में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे सभी कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button