उत्तराखंड को कृषि योजनाओं के लिए 106.67 करोड़ की दूसरी किश्त मंजूर, जैविक कृषि के लिए मिलेंगे 7 करोड़ फार्म फेंसिंग के लिए अलग से बजट स्वीकृत करने का भी केंद्रीय कृषि मंत्री ने दिया आश्वासन
देहरादून, 01 सितम्बर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में केन्द्रपोषित राष्ट्रीय कृषि विकास योजना एवं कृषि उन्नति योजना की समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में उत्तराखंड की ओर से कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश में संचालित कृषि योजनाओं के लिए बजट जारी करने तथा लंबित प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।
बैठक में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री के जनपद ऊधमसिंहनगर में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत जैविक कृषि कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड को 7 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने पर सहमति बनी थी। उन्होंने इस धनराशि को शीघ्र स्वीकृत करने का पुनः अनुरोध किया।
गणेश जोशी ने फार्म फेंसिंग के लिए आवंटित 25 करोड़ रुपये की धनराशि के लिए भी राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत पृथक बजट स्वीकृत करने का अनुरोध केंद्रीय कृषि मंत्री से किया।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैठक में बताया कि केन्द्रपोषित कृषि उन्नति योजना के अंतर्गत उत्तराखंड को आवंटित 109.02 करोड़ रुपये के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 54.51 करोड़ रुपये पहले ही स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि अब द्वितीय किश्त के रूप में 40 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा रहे हैं।
इसी प्रकार राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत उत्तराखंड को आवंटित 191.55 करोड़ रुपये के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 95.77 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। अब द्वितीय किश्त के रूप में 65.70 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा रहे हैं। इस प्रकार दोनों योजनाओं के तहत उत्तराखंड को कुल 106.67 करोड़ रुपये की द्वितीय किश्त स्वीकृत की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत जैविक कृषि कार्यक्रम के लिए 7 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने तथा फार्म फेंसिंग के लिए राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत पृथक बजट स्वीकृत किए जाने का आश्वासन भी दिया।
कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखंड को केन्द्रपोषित योजनाओं के अंतर्गत विशेष रूप से धनराशि आवंटित किए जाने पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में कृषि एवं कृषकों के हित में संचालित योजनाओं को और गति मिलेगी।
बैठक में कृषि महानिदेशक डॉ. आनंद श्रीवास्तव, निदेशक कृषि दिनेश सिंह, डॉ. रतन कुमार, डॉ. सुरेश राम एवं महेंद्र पाल उपस्थित रहे।