उत्तराखण्डहेल्थ

उत्तराखंड में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना को केंद्र की सकारात्मक पहल

देहरादून 27 अगस्त । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार के समक्ष रखे गए दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सकारात्मक पहल की है। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने मुख्यमंत्री धामी को भेजे पत्र में हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के अंतर्गत सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तथा पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना से संबंधित प्रस्तावों को विभागीय परीक्षण के लिए भेजे जाने की जानकारी दी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना से संबंधित प्रस्ताव का संबंधित विभाग/प्रभाग से परीक्षण कराया जा रहा है। इसी प्रकार विश्वविद्यालय के अंतर्गत पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना के प्रस्ताव को भी संबंधित प्रभाग के परीक्षण के लिए भेजा गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने इन दोनों संस्थानों की स्थापना का प्रस्ताव केंद्र सरकार के समक्ष रखते हुए राज्य में उच्च स्तरीय चिकित्सा एवं पैरामेडिकल शिक्षा के साथ विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना से प्रदेश में गंभीर एवं जटिल बीमारियों के उपचार के लिए उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे मरीजों को अत्याधुनिक विशेषज्ञ उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।
वहीं, पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना से प्रशिक्षित एवं कुशल पैरामेडिकल मानव संसाधन तैयार करने में सहायता मिलेगी। इससे प्रदेश के अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक तकनीकी एवं सहयोगी स्टाफ उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण आधार तैयार होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने दोनों प्रस्तावों के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के स्तर पर परीक्षण को उत्तराखंड की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Related Articles

Back to top button