कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में पीएनजी से जुड़े सभी कार्य पूरे करने के निर्देश
देहरादून,
24 अगस्त 2026। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में प्रदेश में बिछाई जा रही पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पाइपलाइन एवं कनेक्शन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों, गैस कंपनियों, संबंधित एजेंसियों तथा जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने गैस कंपनियों एवं संबंधित एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश का मौसम समाप्त होने और सड़क खुदाई की अनुमति मिलते ही पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार जनपद में पीएनजी से संबंधित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी जनपदों में संबंधित एजेंसियों को अपनी विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा, ताकि जिन क्षेत्रों में नई सड़कें अथवा अन्य निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, वहां पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का प्रावधान पहले से ही शामिल किया जा सके। इससे भविष्य में बार-बार सड़क खोदने की आवश्यकता नहीं होगी तथा समय और संसाधनों की बचत होगी।
मुख्य सचिव ने आपूर्ति विभाग को गैस कंपनियों के लिए पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के उद्देश्य से भूमि आवंटन, किराये एवं लीज से संबंधित स्पष्ट नीति शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न जनपदों में पीएनजी प्लांट एवं अन्य आवश्यक आधारभूत ढांचे के लिए भूमि हस्तांतरण से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा और कार्यों में तेजी आएगी।
उन्होंने प्रस्तावित नीति में रोड कटिंग एवं रोड डिगिंग पॉलिसी को भी शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सड़क एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को पूर्व स्वरूप में लाने का कार्य निर्धारित शर्तों के अनुसार शीघ्र पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि पीएनजी से संबंधित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रत्येक एजेंसी विस्तृत टाइमलाइन एवं टाइमफ्रेम तैयार करे। परियोजना पूर्ण होने तक प्रत्येक सप्ताह के लिए लक्ष्य निर्धारित किए जाएं और साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने भारत सरकार की गोवर्धन योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी का लाभ लेने की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण करने को कहा।
बैठक में अपर सचिव श्रीमती रूचि मोहन रयाल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग श्री विशाल मिश्रा, आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति श्री बी.एल. राणा, अपर आयुक्त श्री पी.एस. पांगती सहित विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।