देहरादून में 23 अगस्त तक कराएं घरेलू गैस कनेक्शन की e-KYC
1.59 लाख उपभोक्ताओं ने अभी तक नहीं कराई e-KYC, 9,243 उज्ज्वला लाभार्थी भी शामिल
देहरादून,
16 अगस्त। जनपद देहरादून में घरेलू गैस कनेक्शनों की e-KYC प्रक्रिया तेजी से चल रही है। भारत सरकार द्वारा e-KYC कराने की अंतिम तिथि पहले 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी। उपभोक्ताओं को एक और अवसर देते हुए अब अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
जनपद देहरादून में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ताओं ने e-KYC पूरी कर ली है, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं की e-KYC अभी लंबित है। लंबित उपभोक्ताओं में 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने सभी घरेलू गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपनी e-KYC पूर्ण करा लें, ताकि उन्हें घरेलू एलपीजी सेवाओं का निर्बाध लाभ मिलता रहे।
तीन तरीकों से करा सकते हैं e-KYC
उपभोक्ता अपनी e-KYC तीन सरल माध्यमों से पूरी कर सकते हैं। पहला, संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर। दूसरा, गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के पास उपलब्ध मोबाइल एप और बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से। तीसरा, संबंधित तेल विपणन कंपनी इंडेन, भारत गैस अथवा एचपी गैस के अधिकृत मोबाइल एप को डाउनलोड कर स्वयं e-KYC की जा सकती है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि 23 अगस्त 2026 तक e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू गैस आपूर्ति बाधित हो सकती है तथा उन्हें व्यावसायिक दरों पर गैस उपलब्ध होगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से समय रहते e-KYC प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।