मुख्यमंत्री धामी ने चोरगलिया में सुनीं जनसमस्याएं, 9.93 करोड़ की लागत से निर्मित शेर नाला सेतु का किया लोकार्पण
हल्द्वानी/चोरगलिया,
16 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज जनपद नैनीताल के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। यहां हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए किसी भी व्यक्ति को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।
शेर नाला के उफान पर आने के कारण मानसून के दौरान क्षेत्रवासियों को लंबे समय से आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बारिश के दौरान मार्ग बाधित होने से स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। अब नवनिर्मित सेतु के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय जनता के साथ-साथ पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
सेतु के लोकार्पण पर क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए इसे चोरगलिया क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।