राज्यपाल से केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने की शिष्टाचार भेंट
सामाजिक न्याय एवं वंचित वर्गों के सशक्तीकरण से जुड़े विषयों पर हुई चर्चा
देहरादून, 8 अगस्त। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शनिवार को लोक भवन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री रामदास आठवले ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल और केंद्रीय राज्यमंत्री के बीच सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
भेंट के दौरान वंचित एवं कमजोर वर्गों के सशक्तीकरण, उनके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास के अवसर पहुंचाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। दोनों ने सामाजिक न्याय की अवधारणा को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने तथा जरूरतमंद वर्गों के लिए संचालित कल्याणकारी प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की।
राज्यपाल ने कहा कि समाज के सभी वर्गों का समावेशी विकास ही मजबूत और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने वंचित एवं कमजोर वर्गों को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
शिष्टाचार भेंट के दौरान सामाजिक न्याय, समान अवसर और समाज के प्रत्येक वर्ग के सर्वांगीण विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई।