उत्तराखण्डपर्यावरण

दिनेश मलिक के जन्मोत्सव पर उत्तराखंड में गूंजा सेवा और संस्कार का संदेश

देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों पर गंगा स्वच्छता, गंगा आरती, गौसेवा व जनजागरण कार्यक्रम आयोजित

देहरादून,31 जुलाई 2026। राष्ट्रीय स्वयं सुरक्षा संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी दिनेश मलिक के जन्मोत्सव के अवसर पर प्रदेशभर में सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने गंगा घाटों की सफाई, गंगा आरती, गौसेवा और जनजागरण अभियान चलाकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रमों के दौरान स्वयंसेवकों ने गंगा घाटों से प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री हटाई। इसके साथ ही मां गंगा की भव्य आरती कर गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया गया। विभिन्न गौशालाओं में गौसेवा कर भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सुरक्षा संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी दिनेश मलिक ने कहा कि जन्मोत्सव को व्यक्तिगत उत्सव के बजाय समाजसेवा के रूप में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार हैं। प्रत्येक नागरिक को गंगा को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाए रखने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से गंगा में प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा, कपड़े अथवा किसी भी प्रकार का अपशिष्ट नहीं डालने तथा गंगा घाटों की सफाई और गौसेवा जैसे कार्यों में भागीदारी करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समाज में सेवा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और पारस्परिक सहयोग की भावना को मजबूत करके ही सशक्त, समरस एवं जागरूक राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
राष्ट्रीय स्वयं सुरक्षा संघ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष रेशू चौधरी के नेतृत्व एवं अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर रेशू चौधरी ने कहा, “उत्तराखंड को नशामुक्त, स्वच्छ एवं संस्कारित प्रदेश बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
उन्होंने युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण, गंगा संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं समाजसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सुरक्षा संघ आगे भी समाजहित, पर्यावरण संरक्षण, गंगा स्वच्छता, गौसंवर्धन एवं जनजागरण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन को जोड़ने का कार्य निरंतर करता रहेगा।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने मां गंगा की स्वच्छता, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button