प्रेरणा संगठन ने स्नोव्यू क्षेत्र में किया पौधरोपण, विधायक सरिता आर्या समेत लोगों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

नैनीताल 31 जुलाई । (ललित जोशी )सरोवर नगरी नैनीताल के देवली फील्ड, स्नोव्यू क्षेत्र स्थित बिड़ला चुंगी के समीप महिला समूह प्रेरणा संगठन के तत्वावधान में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नैनीताल विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका सभासद जितेंद्र कुमार पांडे ‘जीनू’, पूर्व नगर पालिका सभासद दीपक कुमार ‘भोलू’ सहित अनेक लोगों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रेरणा संगठन की महिलाओं ने नैनीताल को हरा-भरा बनाने का संकल्प लेते हुए पौधरोपण किया और जनगीत के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
विधायक सरिता आर्या ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के साथ-साथ उसकी देखभाल भी छोटे बच्चे की तरह करनी चाहिए। जब पौधा वृक्ष का रूप लेगा, तभी पौधरोपण का वास्तविक उद्देश्य पूरा माना जाएगा। उन्होंने प्रेरणा संगठन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए संगठन को 5,100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
नगर पालिका सभासद जितेंद्र कुमार पांडे ‘जीनू’ ने भी संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए 5,100 रुपये का सहयोग दिया। वहीं पूर्व नगर पालिका सभासद दीपक कुमार ‘भोलू’ ने संगठन की महिलाओं एवं कार्यक्रम में मौजूद लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की।
एक वर्ष से सामाजिक कार्यों में जुटा है संगठन
बताया गया कि महिला समूह प्रेरणा संगठन को गठित हुए एक वर्ष पूरा हो चुका है। संगठन की महिलाएं आपस में सहयोग राशि एकत्र कर लगातार विभिन्न सामाजिक कार्यों को अंजाम दे रही हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि उन्हें सरकार अथवा प्रशासन की ओर से किसी प्रकार का सहयोग प्राप्त नहीं होता, इसके बावजूद महिलाएं अपने स्तर से सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संगठन की संरक्षक लता रावत एवं हिमांशु तिवारी, अध्यक्ष प्रीता पांडे, उपाध्यक्ष जया बिष्ट, सचिव ममता जोशी, उप सचिव चित्रा पंत, कोषाध्यक्ष पूनम पांडे, उप कोषाध्यक्ष कमला बुडलाकोटी तथा मीडिया प्रचार प्रमुख मंजू पांडे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस दौरान संगठन की सदस्य सुमन रावत, आशा बिष्ट, चंपा मावड़ी, सावित्री अस्वाल, पार्वती दोसाद, भावना पांडे, कमला पांडे, डॉली भट्टाचार्य, पुष्पा पाठक, राधा, मुन्नी, प्रेमा बिष्ट, देवकी, कमला, रमा, ललिता, मीना, निर्मला पांडे, नीमा, लीला, कमला नेगी, सरिता कांडपाल, दीपा बिष्ट, मुन्नी पंत, प्रीति फर्तियाल, भगवती बिष्ट, तरुणा तिवारी, जया तिवारी तथा जानकी बिष्ट सहित अनेक महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
प्रेरणा संगठन के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करना है।