उत्तराखण्डविशेष समाचार

बच्चों और शिक्षकों की प्रिय प्राचार्या रचना देव को भावभीनी विदाई, भावनाओं से सराबोर हुआ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ओएलएफ देहरादून

देहरादून 16 जून । पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ओएलएफ, देहरादून में विद्यालय की लोकप्रिय एवं प्रेरणास्रोत प्राचार्या श्रीमती रचना देव के स्वैच्छिक पूर्व सेवानिवृत्ति के अवसर पर गुरुवार को एक गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार, पूर्व एवं वर्तमान शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी, अभिभावक तथा अनेक गणमान्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, भावपूर्ण गीत, कविताएँ और स्मृतियों के माध्यम से अपनी प्रिय प्राचार्या को श्रद्धापूर्वक विदाई दी। पूरे समारोह के दौरान वातावरण भावनाओं से ओत-प्रोत रहा।
विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अपने संबोधन में रचना देव के स्नेहपूर्ण व्यवहार, अनुशासित कार्यशैली, दूरदर्शी नेतृत्व और शिक्षा के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, नवाचार, नैतिक मूल्यों तथा सह-शैक्षिक गतिविधियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं।
इस अवसर पर आईएमए केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य मामचंद, ओएनजीसी केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य सुशील कुमार धीमान तथा एचबीके क्रमांक-1 के प्राचार्य मयंक शर्मा ने कहा कि रचना देव उनके लिए सदैव मार्गदर्शक रहीं और समय-समय पर उनके सुझाव एवं आशीर्वाद से उन्हें प्रेरणा मिलती रही।
अखिल भारतीय केंद्रीय विद्यालय शिक्षक संघ के महासचिव डी.एम. लखेड़ा ने कहा कि रचना देव कर्मठता, ईमानदारी और मानवीय संवेदनाओं की प्रतिमूर्ति हैं। उन्होंने हमेशा कठिन परिस्थितियों में शिक्षकों का हर संभव सहयोग किया और पीड़ित साथियों के साथ मजबूती से खड़ी रहीं।
अपने भावुक संबोधन में रचना देव ने विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, परिश्रम और मानवीय मूल्यों को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।
समारोह के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें स्मृति-चिन्ह, पुष्पगुच्छ एवं सम्मान-पत्र भेंट कर स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएँ दी गईं। विदाई के अंतिम क्षणों में जब सभी ने उन्हें स्नेहपूर्वक विदा किया तो पूरा सभागार भावुक हो उठा और अनेक लोगों की आँखें नम हो गईं।
पूर्व शिक्षक पीयूष निगम ने “चलते-चलते…” गीत प्रस्तुत कर समारोह को और अधिक भावुक एवं यादगार बना दिया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया।
समारोह में पूर्व प्राचार्य मिकी खुल्बे, अमिताभ देव, वरिष्ठ शिक्षक मनोज मित्तल, मुकेश रतूड़ी, के.सी. गोनियाल, मनीषा भारद्वाज, कामना नेगी, ज्योति मेहता, डी.पी. थपलियाल, जे.के. श्रीवास्तव, राकेश गोयल सहित रचना देव के परिजन एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि रचना देव का स्नेह, नेतृत्व और मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा तथा उनका योगदान विद्यालय के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।

Related Articles

Back to top button