एमएलसी मोहित बेनीवाल ने दिवंगत सभासद राकेश शर्मा के आवास पहुंचकर परिजनों को दी सांत्वना मिलकर जताया शोक

शामली। नगर पंचायत जलालाबाद के वार्ड संख्या-12 के दिवंगत सभासद एवं श्री दुर्गा देवी मंदिर प्रबंध समिति के प्रबंधक राकेश शर्मा के निधन पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य तथा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल मंगलवार को उनके पैतृक आवास पहुंचे।उन्होंने शोकाकुल परिवार से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।उल्लेखनीय है कि 29 जून को करंट की चपेट में आने से नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स(इंडिया)उत्तर प्रदेश की जनपद इकाई के जिलामंत्री पत्रकार आदेश शर्मा के छोटे भाई एवं लोकप्रिय सभासद राकेश शर्मा का असामयिक निधन हो गया था।उनके निधन के बाद से पूरे नगर में शोक का माहौल है और लगातार विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।मोहित बेनीवाल ने कहा कि राकेश शर्मा समाजसेवा के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित रहने वाले जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने अपने व्यवहार, कार्यशैली और जनसेवा के माध्यम से नगरवासियों के बीच विशेष पहचान बनाई थी।धार्मिक आयोजनों से लेकर सामाजिक गतिविधियों तक उनकी सक्रिय भागीदारी हमेशा सराहनीय रही। उनका असमय निधन नगर पंचायत जलालाबाद के लिए ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई आसानी से संभव नहीं है।श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन संजय शर्मा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डा• मुकेश शास्त्री, तुषार कांबोज, बृजेश ठाकुर, गोविंद कश्यप, पंकज राणा, पीयूष सैनी, रवींद्र कुमार, मनीष कालखंडे, भूषण प्रधान, रविंद्र शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा, सुभाष शर्मा, कुलदीप वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिर्पोट: सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।