उत्तराखण्डजनकल्याणकारी योजनाहेल्थ

हडको की सीएसआर पहल से विवेकानन्द नेत्रालय, देहरादून में उन्नत नेत्र चिकित्सा सुविधाओं को मिला नया आयाम

हडको की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत दो अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण

– नवीन उपकरणों से मोतियाबिंद एवं जटिल नेत्र शल्य चिकित्सा की सुरक्षा, सटीकता एवं गुणवत्ता में होगी वृद्धि

– उत्तराखण्ड एवं हिमालयी क्षेत्र के मरीजों को उन्नत एवं सुलभ नेत्र चिकित्सा सेवाओं का मिलेगा लाभ

देहरादून 03 जुलाई। आवासन एवं शहरी विकास निगम लिमिटेड (हडको) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत विवेकानन्द नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम, देहरादून में दो अत्याधुनिक नेत्र शल्य चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण किया। यह पहल स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाओं तक आमजन की पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में हडको की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। उपकरणों का लोकार्पण 3 जुलाई 2026 को नेत्रालय के ओपीडी सभागार में आयोजित समारोह के दौरान किया गया।

हडको की सीएसआर सहायता से स्थापित किए गए अत्याधुनिक उपकरणों में अल्कॉन सेंट्यूरियन विज़न सिस्टम विद एक्टिव सेंट्री, जो मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा को अधिक सुरक्षित, दक्ष एवं सटीक बनाता है, तथा ज़ाइस ल्यूमेरा-आई सर्जिकल माइक्रोस्कोप, जो जटिल नेत्र शल्य चिकित्सा के दौरान उत्कृष्ट दृश्यता एवं उच्च सटीकता प्रदान करता है, शामिल हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ हडको के अधिकारियों श्री संजय भार्गव, क्षेत्रीय प्रमुख, हडको क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून; सुश्री वैजयंती महाबले, संयुक्त महाप्रबंधक, सीएसआर विभाग, हडको कॉर्पोरेट कार्यालय; श्री आशीष अक्कैया गुंडाला, संयुक्त महाप्रबंधक, सीएसआर विभाग, हडको कॉर्पोरेट कार्यालय; तथा श्री अभिजीत सरकार, उप महाप्रबंधक, हडको क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून के स्वागत के साथ हुआ। अपने स्वागत उद्बोधन में स्वामी असीमत्मानन्द, सचिव, रामकृष्ण मिशन आश्रम, देहरादून ने संस्थान की किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएँ प्रदान करने की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए नेत्रालय की चिकित्सा अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने में हडको की सीएसआर सहायता की सराहना की। डॉ. गौरव शाह, उप चिकित्सा अधीक्षक एवं डॉ. अलंकृता मुरलीधर, विट्रियो-रेटिनल सर्जन द्वारा प्रस्तुत तकनीकी व्याख्यानों में नवीन उपकरणों की विशेषताओं एवं चिकित्सकीय उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में हडको अधिकारियों के संबोधन, हडको सीएसआर स्मारक पट्टिका का अनावरण, अस्पताल का भ्रमण, मरीजों को फल वितरण तथा अंत में विवेकानन्द नेत्रालय की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मानसी गुसाईं पोखरियाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

विवेकानन्द नेत्रालय में प्रतिवर्ष लगभग 18,000 मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा की जाती है तथा यहाँ एक लाख से अधिक मरीजों को नेत्र चिकित्सा सेवाएँ प्रदान की जाती हैं। नवीन उपकरणों की स्थापना से संस्थान की उन्नत, सुरक्षित एवं अधिक सटीक नेत्र चिकित्सा सेवाएँ प्रदान करने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे उत्तराखण्ड एवं हिमालयी क्षेत्र के हजारों मरीज लाभान्वित होंगे।

इस अवसर पर विवेकानन्द नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम, देहरादून के प्रबंधन ने सीएसआर कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदान किए गए सहयोग के लिए हडको के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। संस्थान ने स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं तक पहुँच बढ़ाने वाली सीएसआर पहलों को प्रोत्साहित करने में श्री संजय कुलश्रेष्ठ, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, हडको तथा श्री एम. नागराज, निदेशक (कॉर्पोरेट योजना), हडको के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन की विशेष सराहना की। उनके सतत सहयोग एवं मार्गदर्शन से यह महत्वपूर्ण पहल साकार हो सकी है, जिससे विवेकानन्द नेत्रालय की उन्नत, किफायती एवं सुलभ नेत्र चिकित्सा सेवाएँ और अधिक सशक्त होंगी तथा उत्तराखण्ड एवं हिमालयी क्षेत्र के हजारों मरीजों को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।

Related Articles

Back to top button