उत्तराखण्डपर्यटनपर्यावरण

लोहियाहेड वाटर बाईपास बनेगा नया पर्यटन केंद्र, मुख्यमंत्री धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण

खटीमा 28 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा स्थित लोहियाहेड वाटर बाईपास का स्थलीय निरीक्षण कर क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से विकास योजनाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि इस क्षेत्र को प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहियाहेड वाटर बाईपास में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है और इसी क्रम में इस क्षेत्र का भी सुनियोजित विकास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शारदा कॉरिडोर एवं शारदा रिवर फ्रंट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पर्यटन के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। होटल, होमस्टे, स्थानीय हस्तशिल्प, परिवहन तथा अन्य स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र के लोगों की आय में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोहियाहेड वाटर बाईपास के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। साथ ही विकास कार्यों में गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button