मेरठ से ऋषिकेश तक दौड़ेगी हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन, धामी के प्रयासों से परियोजना को मिली सहमति

देहरादून 17 जून । उत्तराखण्ड की परिवहन और कनेक्टिविटी व्यवस्था को नई दिशा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) चलाने का सपना साकार होने की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरंतर प्रयासों से उत्तराखण्ड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के बीच इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर सहमति बन गई है। परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए जल्द ही सर्वे कार्य शुरू किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि फरवरी 2026 में दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार इस सेवा को उत्तराखण्ड तक विस्तारित करने की मांग उठाते रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर प्रस्ताव भी सौंपा था। उनके प्रयासों के बाद मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक नमो भारत ट्रेन विस्तार को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।
परियोजना को गति देने के लिए उत्तराखण्ड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जबकि एनसीआरटीसी ने भी अपना नोडल अधिकारी नामित कर दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार की सहमति मिलने के बाद अब लगभग 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित रेल ट्रैक के लिए डीपीआर तैयार करने हेतु सर्वे शुरू किया जाएगा।
प्रस्तावित योजना के अनुसार नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर के रास्ते उत्तराखण्ड में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह रुड़की, हरिद्वार और हर की पैड़ी से होते हुए ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा। प्रस्तावित मार्ग का 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश तथा 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखण्ड में होगा।
इस परियोजना के पूरा होने से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अत्याधुनिक, सुरक्षित और तेज परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश की यात्रा सड़क मार्ग से लगभग पांच से छह घंटे में पूरी होती है, जबकि 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद यह दूरी महज ढाई से तीन घंटे में तय की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखण्ड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को तेज, सुरक्षित एवं आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और एनसीआरटीसी के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ा रही है। बेहतर रेल और परिवहन अवसंरचना के माध्यम से राज्य में विकास तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।



