मुख्यमंत्री धामी ने चलाया स्वच्छता अभियान, “एक पेड़ मां के नाम” के तहत किया पौधरोपण
स्वच्छ और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण के लिए जनभागीदारी का किया आह्वान

खटीमा, 15 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित पूर्णागिरि मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाते हुए साफ-सफाई की तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्वच्छता का संदेश देते हुए प्रदेशवासियों से अपने घरों, मोहल्लों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए सभी लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान की भावना को भी सशक्त करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय तभी सफल जनआंदोलन बन सकते हैं, जब समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वच्छ और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण में अपना योगदान दें तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और स्वच्छ वातावरण तैयार करें।


