उत्तराखण्डविशेष समाचार

विकासनगर में RSS के संघ शिक्षा वर्ग का भव्य पथ संचलन, पुष्पवर्षा से हुआ स्वयंसेवकों का स्वागत

विकासनगर 08 जून । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) उत्तराखंड प्रांत के संघ शिक्षा वर्ग (महाविद्यालयीन विद्यार्थी, तरुण व्यावसायी एवं विशेष) के अंतर्गत सोमवार को भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। पथ संचलन में 300 से अधिक शिक्षार्थियों तथा 100 से अधिक शिक्षकों एवं व्यवस्था से जुड़े स्वयंसेवकों ने भाग लिया। घोष वादन के साथ निकाले गए इस संचलन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा, अनुशासन एवं संगठनात्मक भाव का प्रदर्शन किया।
पथ संचलन हिमालयन स्कूल से प्रारंभ होकर गीता भवन, पहाड़ी गली चौक, डाकपत्थर तिराहा, अस्पताल मार्ग, 28 फीटा रोड एवं सिनेमा गली से होते हुए पुनः हिमालयन स्कूल परिसर में संपन्न हुआ।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं एवं मातृशक्ति द्वारा स्वयंसेवकों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने भी स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों विकासनगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का संघ शिक्षा वर्ग आयोजित किया जा रहा है, जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों युवा संघ के कार्यों एवं विचारों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वर्ग का समापन आगामी 14 जून को सायं 5 बजे होगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख भारत भूषण जी, वर्ग सर्वाधिकारी लोकपाल जी, विष्णु जी, वर्ग कार्यवाह रविंद्र जी, चंदन जी, वर्ग पालक मनोहर जी, राकेश बड़ोनी जी, वर्ग व्यवस्था प्रमुख संदीप जी, जिला संघ चालक देवराज जी, सह विभाग प्रचारक सौरभ जी, मुख्य शिक्षक राहुल जी, पूरण जी, सह मुख्य शिक्षक रमेश जी एवं कमल जी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button