उत्तराखण्डशासन

किच्छा क्षेत्र की छह सड़क दुर्घटनाओं की मजिस्ट्रियल जांच शुरू, 30 जून तक आमजन से मांगे गए साक्ष्य

रुद्रपुर, 06 जून 2026 । जिला मजिस्ट्रेट नितिन सिंह भदौरिया ने किच्छा क्षेत्र में वर्ष 2025-26 के दौरान हुई छह गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) किच्छा गौरव पाण्डेय को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी दुर्घटनाओं के कारणों, परिस्थितियों और जिम्मेदारियों की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
एसडीएम किच्छा गौरव पाण्डेय ने बताया कि जांच के दायरे में 05 नवम्बर 2025 से 04 फरवरी 2026 के बीच किच्छा एवं पुलभट्टा क्षेत्र में हुई छह सड़क दुर्घटनाएं शामिल हैं। इन दुर्घटनाओं में कई लोगों की मौत हुई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। सभी मामलों में आरोप है कि संबंधित वाहन चालकों ने तेज एवं लापरवाहीपूर्ण तरीके से वाहन चलाते हुए हादसों को अंजाम दिया।
जांचाधीन मामलों में सिरौलीकला स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने ऑटो और कार की टक्कर, लालपुर में बस एवं मोटरसाइकिल दुर्घटना, शंकर फार्म के पास पिकअप और टुकटुक वाहन की भिड़ंत, रोडवेज बस द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर, पुलभट्टा ओवरब्रिज के पास एम्बुलेंस दुर्घटना तथा खालसा ढाबे के सामने ई-रिक्शा, कार और ट्रक से जुड़ा हादसा शामिल हैं।
एसडीएम ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास इन दुर्घटनाओं से संबंधित कोई जानकारी, साक्ष्य या दस्तावेज उपलब्ध हैं अथवा कोई अपना पक्ष रखना चाहता है, तो वह 30 जून 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे के बीच उनके कार्यालय में उपस्थित होकर बयान दर्ज करा सकता है।
प्रशासन ने आमजन से जांच में सहयोग करने की अपील की है, ताकि दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों का पता लगाकर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button