पुलिस लाइन परिसर में लगी भीषण आग,कई सीज व लावारिस बाइक जलकर राख

उधम सिंह नगर 06 जून । शनिवार दोपहर जिला मुख्यालय रुद्रपुर की पुलिस लाइन परिसर में खड़ी सीज और लावारिस बाइकों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक कई बाइक इसकी चपेट में आ गईं। आग लगने के बाद रिक्रूट जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
उधम सिंह नगर जिले के मुख्यालय रुद्रपुर स्थित पुलिस लाइन परिसर में खड़ी सीज और लावारिस बाइकों के ढेर में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग पहले कुछ वाहनों में लगी, लेकिन देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास खड़ी अन्य बाइकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान परिसर में मौजूद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी आग की तेज लपटें देखकर मौके की ओर दौड़ पड़े।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट जवान तुरंत सक्रिय हो गए। जवान हाथों में पानी से भरी बाल्टियां लेकर मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस बीच स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का भी उपयोग किया गया, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके।
घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गईं। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम पुलिस लाइन पहुंच गई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) ईशान कटारिया ने बताया कि, सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेज दिया गया था। वह स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंचे और एहतियातन आसपास के क्षेत्रों से तीन अन्य फायर टेंडरों को भी बुला लिया गया। दमकल कर्मियों और पुलिस जवानों के संयुक्त प्रयासों से लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।


