चारधाम यात्रा मार्गों पर वाहनों के संचालन के लिए समय-सीमा निर्धारित, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

टिहरी गढ़वाल, 03 जून 2026। चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से आयुक्त, गढ़वाल मंडल के निर्देशानुसार यात्रा मार्गों पर यात्री एवं मालवाहक वाहनों के संचालन के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वाहन केवल प्रातः 4:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक ही संचालित किए जा सकेंगे।
आयुक्त ने समस्त वाहन स्वामियों एवं चालकों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय के अनुरूप ही अपने वाहनों का संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय-सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे वाहन चालकों को रात्रिकालीन अथवा निर्धारित समय के विपरीत वाहन संचालन के लिए बाध्य न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा में सहयोग करें।
प्रशासन ने कहा है कि यह व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा यात्रा मार्गों पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है।



