उत्तराखण्डशासन

आंगनवाड़ी केंद्रों में बिजली-पेयजल व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करें : मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन

देहरादून,26 मई 2026। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण, मिशन वात्सल्य तथा मिशन शक्ति से संबंधित राज्य स्तरीय मूल्यांकन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने टेक होम राशन (टीएचआर) का 100 प्रतिशत वितरण फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी की जाएं।
उन्होंने जिलास्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समितियों की बैठकें नियमित एवं निर्धारित समय पर आयोजित किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय से समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा।
बैठक में मुख्य सचिव ने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन केंद्रों में अभी तक बिजली और पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं है, उनकी सूची संबंधित विभागों को तत्काल उपलब्ध कराई जाए। आवश्यकता पड़ने पर इसके लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि जिन आंगनवाड़ी केंद्रों के अपने भवन नहीं हैं, वहां अनुपयोगी पुराने पंचायत भवनों का उपयोग किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विभाग ऐसे भवनों की मरम्मत कर उनका उपयोग आंगनवाड़ी केंद्रों के रूप में करे। असुरक्षित भवनों को ध्वस्त कर नए भवनों का निर्माण कराया जाए।
इसके साथ ही मुख्य सचिव ने विभाग के अंतर्गत संचालित सभी राजकीय एवं स्वैच्छिक बाल देखरेख संस्थाओं का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए, ताकि व्यवस्थाओं की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में सचिव चन्द्रेश कुमार यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button