फूलचंद नारी शिल्प मंदिर गर्ल्स इंटर कॉलेज में अत्याधुनिक स्टेम लैब स्थापित

देहरादून 15 मई । Uttaranchal University के सहयोग से स्पार्क टेक्नोलॉजीज, एसीआईसी उत्तरांचल यूनिवर्सिटी फाउंडेशन और एसपीईसीएस द्वारा Phoolchand Nari Shilp Mandir Girls Inter College में अत्याधुनिक स्टेम लैब की स्थापना की गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में शिक्षा, विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथियों ने प्रतिभाग किया।
स्टेम लैब का उद्घाटन उत्तरांचल यूनिवर्सिटी की वाइस प्रेसिडेंट Ankita Joshi, वाइस चांसलर Prof. Dharam Budhi, प्रबंधन समिति के अध्यक्ष Dr. Devendra Bhasin, सदस्य Avnish Oberoi एवं एसपीईसीएस के अध्यक्ष Dr. Brij Mohan Sharma ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंकिता जोशी ने कहा कि आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है और अवलोकन उसका पहला चरण है। उन्होंने कहा कि स्टेम लैब विद्यार्थियों में रचनात्मकता विकसित करने और विज्ञान को सहज एवं रोचक तरीके से सीखने का उत्कृष्ट माध्यम बनेगी।
वाइस चांसलर प्रो. धरम बुधि ने कहा कि विज्ञान की शिक्षा व्यवहारिक एवं आनंददायक तरीके से दी जानी चाहिए, जिससे विद्यार्थी प्रयोगों के माध्यम से सीख सकें और उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित हो सके।
प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन ने विद्यार्थियों के जीवन में विज्ञान शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि स्टेम शिक्षा भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए विद्यार्थियों को सक्षम बनाएगी।
एसपीईसीएस के अध्यक्ष डॉ. बृज मोहन शर्मा ने कहा कि स्टेम लैब सोच, अवलोकन, प्रयोगात्मक गतिविधियों और खेल-खेल में विज्ञान को समझने की कुंजी है। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की असीम संभावनाओं का माध्यम है। स्टेम शिक्षा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट वर्ग में नमरा, पल्लवी शर्मा, ज्योति गौतम, जीनत एवं अदीबा अकील तथा हाईस्कूल वर्ग में मुनंज्जा को उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
विद्यालय द्वारा विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले सहयोगियों को “विज्ञान संचारक सम्मान” से भी सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में डॉ. राजेश सिंह, डॉ. अनीता गहलोत, स्पार्क टेक्नोलॉजीज, दिव्या बंसल, स्मार्ट सर्किट्स इनोवेशन, सेल्टोस इनोवेशन फाउंडेशन, मोहित अग्रवाल तथा हिमांशु तिवारी प्रमुख रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या Mona Bali ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में स्टेम लैब की स्थापना विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह लैब विद्यार्थियों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगी।
कार्यक्रम में हरी राज सिंह, बालेंदु जोशी, शांति बिष्ट, सुजाता शर्मा, रेणु जोशी, शीतल, नीरज उनियाल, सौरभ कौशल, सचिन शर्मा, रवि सहित विद्यालय की शिक्षिकाएँ, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।



