रूद्रपुर में 3 मई को होगी NEET 2026 परीक्षा, 6 केंद्र बनाए गए; कड़ी निगरानी के निर्देश

रूद्रपुर,25 अप्रैल 2026। आगामी 03 मई (रविवार) को अपराह्न 02 बजे से 05 बजे तक नीट-2026 की परीक्षा जनपद में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए कुल 06 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने जिला सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों और समन्वयकों की बैठक लेते हुए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और त्रुटिरहित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
जनपद में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (नया एवं पुराना भवन) पंतनगर, पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय काशीपुर, आईआईएम काशीपुर, पीएमश्री अटल उत्कृष्ट एएनझा राजकीय इंटर कॉलेज रूद्रपुर तथा पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय रूद्रपुर शामिल हैं।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रश्न पत्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुरक्षित रखा और खोला जाए। सभी केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए उनकी कार्यशीलता की जांच भी की जाए। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, घड़ी या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। साथ ही परीक्षार्थियों को जूते पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारियों को परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं—जैसे विद्युत, पेयजल, एम्बुलेंस एवं सुरक्षा—सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय त्रिभुवन आर्य, प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय कंचन जोशी, प्रधानाचार्य एएनझा राजपति बिंद, प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय काशीपुर प्रकाश चन्द्र पंत, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. रविन्द्र पाल सिंह एवं शिक्षा विभाग से डीके त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

