इन्दिरा गांधी मेमोरियल इंटर कॉलेज सींगरा का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम, क्षेत्र में खुशी

झिंझाना(शामली)। सींगरा स्थित इन्दिरा गांधी मेमोरियल इंटर कॉलेज, बी कॉलोनी सींगरा ने इस वर्ष उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन से क्षेत्र में खुशी की लहर है और विद्यालय एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया है।
हाई स्कूल परीक्षा में शामिल सभी विद्यार्थी सफल रहे। विद्यार्थियों ने नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और शिक्षकों के मार्गदर्शन में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अच्छे अंक प्राप्त किए। हाई स्कूल में प्रियांशी पुत्री प्रेम कुमार ने 88.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। तनिषा पुत्री बिट्टू 85.83 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और दीपांशी रानी पुत्री संजय कुमार 85.16 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा अन्य कई विद्यार्थियों ने भी उच्च श्रेणी में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इंटरमीडिएट परीक्षा में भी सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। विद्यार्थियों ने मेहनत और लगन के बल पर शानदार प्रदर्शन किया। इंटरमीडिएट में रोमल रानी ने 82 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंजू रानी 80.20 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और खुशी 80 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। विज्ञान व कला वर्ग के विद्यार्थियों ने समान रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। प्रधानाचार्य जयकरण अंसल, उप प्रधानाचार्य विजय कुमार अंसल व सहायक अध्यापक सुनील पंवार ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासन पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने का प्रयास जारी रहेगा।
रिपोर्ट: झिंझाना से मौ० हारुन सैफी के साथ सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।


