पैतृक गांव पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह, बच्चों को दिए बड़े सपने देखने का संदेश

देहरादून/अमृतसर,17 अप्रैल 2026 ।


गुरमीत सिंह आज अपने पैतृक गांव जलाल उस्मान, अमृतसर (पंजाब) पहुंचे, जहां ग्रामवासियों ने उनका अत्यंत आत्मीय स्वागत किया। अपने गांव पहुंचकर राज्यपाल भावुक हो गए और उन्होंने इसे अपने जीवन की प्रेरणा का आधार बताया।
राज्यपाल ने गुरुद्वारा बाबा श्री चंद जी में माथा टेककर अरदास की तथा देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि इस भूमि से उनका गहरा जुड़ाव है और आज जिस पद पर वे हैं, उसमें इस गांव के आशीर्वाद का महत्वपूर्ण योगदान है।
इस दौरान राज्यपाल ने ग्रामवासियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं। उन्होंने गांव की सरलता, आत्मीयता और संस्कारों को जीवन का वास्तविक आधार बताया।
राज्यपाल ने गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जलाल उस्मान का भी भ्रमण किया। बच्चों से बातचीत करते हुए उन्होंने उन्हें बड़े सपने देखने और कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उन्हें मजबूत चरित्र एवं अच्छे विचारों के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने गुरु नानक देव, गुरु तेग बहादुर और गुरु गोविंद सिंह के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश भी दिया और पंजाब की वीरता व देशभक्ति की परंपरा को याद किया।
विद्यालय में सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए राज्यपाल ने कंप्यूटर भेंट किए और पुस्तकालय हेतु 108 पुस्तकें प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम के साथ-साथ पुस्तकों का अध्ययन बच्चों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
अंत में राज्यपाल ने कहा कि गांव और शिक्षा से उनका संबंध केवल भावनात्मक नहीं, बल्कि उनकी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि गांव के बच्चे आगे बढ़कर अपने परिवार, राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।


