एल्पाइन इंटरनेशनल स्कूल में प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन, विद्यार्थियों के मॉडल्स ने अतिथियों को किया हैरान

देहरादून
अरिहंत समाचार
विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से एल्पाइन इंटरनेशनल स्कूल में भव्य विषयगत प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपने हुनर और नवाचार से अतिथियों और अभिभावकों को खासा प्रभावित किया।

कार्यक्रम में थाना भवन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अशरफ अली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित और पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया और फीता काटकर प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया गया।
प्रदर्शनी में विज्ञान विषय के तहत ड्राइवरलेस कार, ऑप्टिकल फाइबर, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक इंडक्शन और गार्बेज कलेक्टर बॉट जैसे आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा गणित, हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर, कला-शिल्प और संस्कृत विषयों से जुड़े प्रोजेक्ट भी प्रदर्शित किए गए।
खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने केवल मॉडल तैयार ही नहीं किए, बल्कि उनकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता को भी विस्तार से समझाया। इससे उनकी विषयगत समझ, आत्मविश्वास और प्रस्तुतीकरण क्षमता देखने को मिली।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की और बच्चों की मेहनत एवं रचनात्मक सोच की सराहना की। मुख्य अतिथि विधायक अशरफ अली ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निर्मला मलिक ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रदर्शनी को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकों और समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।



