उत्तराखण्ड

‘परवाज़-ए-अमन’ का विमोचन, अंबिका सिंह ‘रुही’ की शायरी में अमन, मोहब्बत और इंसानियत का पैगाम

‘परवाज़-ए-अमन’ का विमोचन, अंबिका सिंह ‘रुही’ की शायरी में अमन, मोहब्बत और इंसानियत का पैगाम

देहरादून। उत्तराखंड की मशहूर शायर और साहित्यकार अंबिका सिंह ‘रुही’ की पुस्तक ‘परवाज़-ए-अमन’ का विमोचन आज ओल्ड मसूरी रोड स्थित उनके आवास पर आयोजित साहित्यिक कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, उर्दू अदब के प्रसिद्ध शायर एवं साहित्यकार सोहेल आजाद, मोनिका मंतशा, डौली डबराल और सुजाता पाल सहित हिंदी-उर्दू साहित्य जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं।

 

पुस्तक विमोचन के अवसर पर अंबिका सिंह ‘रुही’ को बधाई देते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि वर्तमान समय में देश और दुनिया में नफरत का माहौल बढ़ता दिखाई दे रहा है। ऐसे दौर में साहित्य और शायरी समाज को जोड़ने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और इंसानियत का संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि अंबिका सिंह ‘रुही’ की शायरी और साहित्य अमन-चैन, मोहब्बत और सद्भाव की भावनाओं से ओतप्रोत हैं। उनकी रचनाएं समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और लोगों के बीच प्रेम व विश्वास का रिश्ता कायम करने का संदेश देती हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों ने भी अंबिका सिंह ‘रुही’ की साहित्यिक यात्रा और उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। ‘परवाज़-ए-अमन’ को शांति, प्रेम और मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त करने वाली साहित्यिक कृति के रूप में देखा गया।

Advt.

इस साहित्यिक आयोजन ने हिंदी और उर्दू साहित्य की साझा सांस्कृतिक विरासत तथा समाज में अमन और भाईचारे के महत्व को रेखांकित किया।

Related Articles

Back to top button