महिला दिवस पर पीएनबी की नई पहल: महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘पी.एन.बी. डिजी श्रेष्ठा’ डिजिटल ऋण योजना शुरू

देहरादून,06 मार्च 2026। पंजाब नेशनल बैंक ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘पी.एन.बी. डिजी श्रेष्ठा डिजिटल ऋण योजना’ की शुरुआत की है। यह योजना विशेष रूप से उन महिला ग्राहकों के लिए तैयार की गई है, जो National Rural Livelihood Mission (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी हुई हैं।
बैंक के अनुसार यह पहल केंद्र सरकार की ‘लखपति दीदी’ पहल और ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के राष्ट्रीय लक्ष्य से भी जुड़ी हुई है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल बैंकिंग के माध्यम से तेज, पारदर्शी और सरल तरीके से संस्थागत ऋण उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने छोटे व्यवसाय और उद्यमों को आगे बढ़ा सकें।
‘पी.एन.बी. डिजी श्रेष्ठा’ योजना के तहत पात्र महिला लाभार्थियों को ₹5 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी खासियत यह है कि ऋण स्वीकृति और खाता खोलने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी। साथ ही आवेदन प्रक्रिया को बेहद सरल रखा गया है और इसमें न्यूनतम दस्तावेज़ों की आवश्यकता होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आसानी से इसका लाभ मिल सके।
पंजाब नेशनल बैंक का कहना है कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण भारत में महिला-नेतृत्व वाले उद्यमों को मजबूत करने के साथ-साथ वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलेगा और सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बैंक ने देशभर की महिलाओं के साहस, नेतृत्व और महत्वाकांक्षा का सम्मान करते हुए उनके विकास की यात्रा में हर कदम पर साथ देने का संकल्प भी दोहराया।



