ऋषिकेश। गंगा दशहरा पर ऋषिकेश, मुनिकीरेती, लक्ष्मण झूला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर दान पुण्य किया। ऋषिकेश के प्रमुख त्रिवेणी घाट में गुरुवार की अलसुबह से ही स्थानीय श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचने लगे। वर्तमान में चार धाम यात्रा को लेकर अन्य प्रांत से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आए हुए हैं। श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर विधिवत पूजा अर्चना के पश्चात गंगा में डुबकी लगाई।नजदीकी क्षेत्र मुनिकीरेती, लक्ष्मण झूला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में बड़ी संख्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु तीर्थाटन के लिए पहुंचे हैं। सभी क्षेत्रों में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। त्रिवेणी घाट पार्किंग को चार पहिया वाहनों के लिए प्रतिबंधित किया गया है। पार्किंग में बड़ी संख्या में दो पहिया वाहन जब ज्यादा हो गए तो घाट रोड पर इन वाहनों को खड़ा करना पड़ा। तिपहिया के लिए हरिद्वार मार्ग जयराम आश्रम तिराहा से लेकर चंद्रभागा पुल तक पुलिस की ओर से जीरो जोन घोषित किया गया है। इसके पालन के लिए जगह-जगह पुलिस कर्मी तैनात किए गए।हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में ऋषिकेश भी घूमने आ रहे हैं। जिस कारण यहां गुरुवार को ज्यादा भीड़ देखी गई। गंगा दशहरा के अवसर पर दान पुण्य का भी काफी महत्व माना गया है। घाटों पर तीर्थ पुरोहित श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना करा रहे हैं। यहां गरीबों को विभिन्न संस्थाओं की ओर से भोजन प्रसाद वितरित किया जा रहा है।