आंधी-तूफान का कहर, किशोरी व गोवंश की मौत

0
2025

कैराना में तीन स्थानों पर हुए हादसे, पांच घायलों का चल रहा इलाज
कैराना। गुरुवार देर रात आए आंधी-तूफान का कहर देखने को मिला। क्षेत्र में तीन अलग-अलग हादसों में एक किशोरी व एक गोवंश की मौत हो गई। जबकि मृतका की बहन सहित पांच लोग तथा तीन गोवंश घायल हो गए। घायलों का परिजनों द्वारा उपचार कराया जा रहा है। हादसों के संबंध में प्रशासन को भी अवगत कराया गया है।
नगर के मोहल्ला आलकलां मायापुर रोड निवासी रशीद कपड़े धुलाई का कार्य करता है। गुरुवार को उसकी पुत्री गुलनाज (15) व मुस्कान उर्फ राशिदा (12) मकान की छत के ऊपर बने टिन शेड के नीचे एक ही चारपाई पर लेटी हुई थी। रात्रि करीब सवा दस बजे आए आंधी-तूफान से टिन शेड अचानक दोनों बहनों के ऊपर गिर गया, जिसके नीचे दबने से दोनों बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने टिन शेड के नीचे दबी दोनों लड़कियों को बाहर निकाला और कस्बे के ही एक निजी डॉक्टर के पास ले गए। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें शामली के लिए भेज दिया गया। जहां चिकित्सकों ने गुलनाज को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरी लड़की का इलाज चल रहा है। उधर, हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन को भी अवगत करा दिया गया है। दूसरी घटना गांव कंडेला में घटित हुई। यहां दिलशाद उर्फ दिल्लो व गुलबहार पुत्रगण समेदीन एक परिसर में रहते है। दोनों भाई मजदूरी करके अपना जीवन यापन कर रहे है। रात आए आंधी-तूफान से दिलशाद के कमरे की छत भर-भराकर नीचे गिर गई, जिसके नीचे सो रही दिलशाद की पत्नी शबाना, बेटी नेहा व छह माह का पुत्र अल्तमश मलबे में दबकर घायल हो गए। घटना के समय तक दिलशाद काम से वापस नहीं आया था। शोर सुनकर दूसरे कमरे में लेटे हुए गुलबहार व आस-पड़ोस के लोगो ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला। इस दौरान हड़बड़ाहट में गुलबहार भी चोटिल हो गया। चारों घायलों का गांव के निजी डॉक्टर से उपचार कराया गया। इसके अलावा गांव तितरवाड़ा में किसान सुरेश सैनी का टिन शेड व दीवार आंधी-तूफान के चलते गिर गए। वहां बंधे मवेशी दीवार व टिन शेड के मलबे के नीचे दब गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत कर मवेशियों को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक एक गोवंश की मौत हो चुकी थी। जबकि तीन गोवंश गंभीर रूप से घायल हुए है। पीड़ित किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।