उत्तराखण्ड

कांग्रेसियों ने सचिवालय का घेराव करते हुए दी गिरफ्तारी

बेरोजगारों पर लाठीचार्ज के विरोध में धरना छठे दिन भी रहा जारी

देहरादून। भाजपा सरकारों की नीतियां गरीब विरोधी, बेरोजगार विरोधी, दलित विरोधी, महिला विरोधी, युवा विरोधी हैं। गांधी पार्क की घटना इसका जीता-जागता प्रमाण है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को लगातार छठे दिन बरोजगारों पर हुए बर्बर लाठी चार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यालय प्रांगण में धरना दिया तथा उसके बाद सचिवालय का घेराव करते हुए गिरफ्तारी दी। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के संयुक्त नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय प्रांगण में लगातार छठे दिन धरना दिया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भर्ती घोटालों की जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे नौजवानों पर राज्य सरकार ने जिस प्रकार बल प्रयोग किया वह लोकतंत्र में न्यायोचित नहीं ठहराया जा सकता है। कांग्रेस पार्टी इसकी कडे शब्दों में निंदा करती है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने पिछले साढ़े आठ वर्षों में देश को जिस बदहाली तक पहुंचा दिया है उससे आज देश में बेरोजगारी चरम स्तर पर है, देश के सारे सार्वजनिक उपक्रमों को मोदी सरकार बेचने में लगी है। विधायक प्रीतम सिंह ने राज्य में बेरोजगारी की दर में हो रही लगातार वृद्धि पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने देश और प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के लिए युवा नौजवान, बेरोजगार एवं गरीबों का सहारा लिया था। निवर्तमान मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने कहा कि भाजपा सरकार ने जिस दमनकारी नीति का परिचय देते हुए शांतिपूर्ण आंदोलन को शक्ति के बल पर कुचलने का काम किया है उसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दास्त नहीं करेगी। धरना कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक ममता राकेश, विक्रम सिंह नेगी, विरेन्द्र जाती, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन प्रशासन मथुरादत्त जोशी, महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, राजकुमार, रामयश सिंह, मनोज रावत, मनीष खंडूरी, आर्येन्द्र शर्मा, राजेन्द्र शाह, दर्शन लाल, दिनेश अग्रवाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, शीशपाल बिष्ट, लक्ष्मी अग्रवाल कपरवाण, कोमल वोहरा, जगदीश धीमान, अनुराधा, सावित्री थापा आदि शामिल थे।

Related Articles

Back to top button