पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस कांस्टेबलों को दिया जनसेवा और अनुशासन का संदेश

देहरादून 04 अप्रैल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन देहरादून में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस कांस्टेबलों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवा कांस्टेबलों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य में पुलिसकर्मियों को केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आपदा प्रबंधन में भी दक्ष होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील प्रदेश में पुलिस की तत्परता और प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कांस्टेबलों को निर्देश दिए कि वे आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें और अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बनाए रखें। साथ ही, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी जोर दिया, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस बल को आधुनिक प्रशिक्षण के साथ जनसेवा के प्रति समर्पित रहना चाहिए। उन्होंने सभी प्रशिक्षु कांस्टेबलों से अपेक्षा जताई कि वे ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।



