देहरादून: पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले जसवंत ग्राउंड का सीएम धामी ने किया निरीक्षण

देहरादून,13 अप्रैल 2026। 
पुष्कर सिंह धामी ने 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनज़र गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बिजली आपूर्ति और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री धामी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। साथ ही उन्होंने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने और आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक सेवाओं को अलर्ट रखने को कहा।
जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां सुव्यवस्थित और सुनियोजित ढंग से की जाएं। उन्होंने स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और इसकी सफलता सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की साझा जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



