6 नई जन सुविधाओं से सशक्त हुआ दून अस्पताल, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने किया लोकार्पण

देहरादून, 13 अप्रैल 2026। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आज प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने आम जनता को समर्पित 6 नई जन सुविधाओं का लोकार्पण किया। इन नई सुविधाओं का उद्देश्य मरीजों को अधिक सुलभ, तेज और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
मंत्री द्वारा लोकार्पित प्रमुख सुविधाओं में ऑक्यूपेशनल थेरेपी यूनिट, प्रत्येक फ्लोर पर रजिस्ट्रेशन काउंटर, स्पोर्ट्स इंजरी क्लिनिक, पैथोलॉजी विभाग में अत्याधुनिक Sysmex मशीन
, किफायती हेल्थ पैकेज चेकअप्स तथा ऑपरेशन थिएटर के लिए एनस्थीसिया वर्क स्टेशन शामिल हैं। इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और उपचार प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या डॉ. गीता जैन ने पिछले तीन वर्षों में संस्थान में हुए विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी सेवाओं, ऑपरेशन थिएटर तथा इंफ्रास्ट्रक्चर में हुए सुधारों की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर मंत्री सुबोध उनियाल ने अस्पताल प्रबंधन के कार्यों की सराहना करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, आधुनिक मशीनों की स्थापना तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को उच्च स्तर पर ले जाने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि अस्पताल में सुपरस्पेशियलिटी सेवाओं की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे प्रदेश की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम में निदेशक डॉ. अजय आर्या, कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के. सी. पंत, विभिन्न विभागाध्यक्ष, चिकित्सा स्टाफ, मीडिया प्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।


