मुख्यमंत्री धामी ने केदारनाथ धाम के रावल से की शिष्टाचार भेंट, लिया आशीर्वाद

देहरादून,02 अप्रैल । पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग ने शिष्टाचार भेंट की और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान रावल ने भगवान केदारनाथ जी की कृपा से प्रदेश में सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने रावल का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। साथ ही आगामी यात्रा सीजन को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए की जा रही तैयारियों पर भी प्रकाश डाला।
भेंट के दौरान केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं, यात्रा संचालन और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने रावल से आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश की प्रगति और जनकल्याण के लिए उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा भी व्यक्त की।


