स्टेट प्रगति पोर्टल से होगी योजनाओं की सख्त मॉनिटरिंग: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन

देहरादून,01 अप्रैल 2026 । देहरादून में बुधवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने स्टेट प्रगति पोर्टल के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि अब राज्य एवं केंद्रपोषित योजनाओं की नियमित समीक्षा इसी पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को अपनी प्रमुख योजनाएं शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि पोर्टल को इस प्रकार विकसित किया जाए कि विभागवार और योजनावार प्रगति की आसानी से निगरानी हो सके। इसके साथ ही प्रत्येक परियोजना के लिए विभिन्न स्तरों पर माइलस्टोन तय किए जाएं, जिससे धीमी प्रगति वाली योजनाओं की पहचान कर समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराया जा सके।
उन्होंने स्वरोजगार योजनाओं को भी पोर्टल में शामिल करने के निर्देश देते हुए कहा कि पिछले 3 से 5 वर्षों में इन योजनाओं के माध्यम से सृजित रोजगार का विस्तृत विश्लेषण किया जाए। इसके लिए नियोजन विभाग को रिपोर्ट तैयार कर योजनाओं की कमियों को चिन्हित कर सुधार करने को कहा गया।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने पोर्टल का ट्रायल लेते हुए विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने प्रदेश के अस्पतालों, उप जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति जानी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि भवन निर्माण के साथ मैनपावर और मशीनरी के उन्नयन को भी योजनाओं में शामिल किया जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए होलिस्टिक प्लान तैयार करने और सभी नए भवनों में बेसमेंट पार्किंग को अनिवार्य रूप से शामिल करने पर भी जोर दिया।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, अपर सचिव झरना कमठान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



