उत्तराखण्डकानून व्यवस्था

चारधाम यात्रा से पहले पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 51 दलनायक स्थानांतरित, 12 यातायात निरीक्षक तैनात

देहरादून,28 मार्च 2026। आगामी चारधाम यात्रा के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन तथा प्रदेश की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय ने व्यापक स्तर पर तबादले और तैनाती की कार्रवाई की है।
इस क्रम में हाल ही में प्लाटून कमांडर से दलनायक पद पर पदोन्नत हुए 21 अधिकारियों सहित कुल 51 दलनायकों को यातायात, एसडीआरएफ, आईआरबी और पीएसी वाहिनियों के साथ विभिन्न जनपदों में स्थानांतरित किया गया है।
यातायात व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 12 यातायात निरीक्षकों की तैनाती देहरादून, हरिद्वार, चमोली, उत्तरकाशी, ऊधमसिंहनगर, नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा एवं बागेश्वर जनपदों में की गई है।
इसके अतिरिक्त, रिक्त पदों, निर्धारित कार्यकाल की पूर्णता और पदोन्नति के आधार पर 5 दलनायकों को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंहनगर एवं बागेश्वर में प्रतिसार निरीक्षक पद पर तैनात किया गया है। वहीं 34 दलनायकों को एसडीआरएफ, आईआरबी और पीएसी की विभिन्न इकाइयों में स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार यह कदम विशेष रूप से चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, जिससे यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button