डिस्पेंसरी रोड के सौंदर्याकरण व सुविधाओं को लेकर व्यापारियों ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन

देहरादून 25 मार्च । डिस्पेंसरी रोड एवं राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स क्षेत्र के सौंदर्याकरण और बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने पहल तेज कर दी है। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड, उत्तराखंड के सदस्य पंकज मैसोन के नेतृत्व में व्यापार मंडल के अध्यक्षों व पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री एवं राजपुर विधायक खजान दास को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं से अवगत कराया।
ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित मुख्य सड़क स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, लेकिन उचित व्यवस्थाओं के अभाव में यहां लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
व्यापारियों ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इनमें डिस्पेंसरी रोड की ओर से एक आकर्षक प्रवेश द्वार (गेट) का निर्माण, बुजुर्गों और ग्राहकों के लिए सड़क किनारे बैठने की व्यवस्था हेतु कुर्सियां/बेंच लगवाना, बेहतर स्ट्रीट लाइटिंग और फुटपाथ पर लाइट्स के माध्यम से सौंदर्याकरण शामिल है।
इसके साथ ही व्यापारियों ने खाली पड़े नजूल प्लॉट संख्या-161 पर पार्किंग और फूड कोर्ट विकसित करने की मांग भी की, ताकि मुख्य सड़क को पार्किंग मुक्त रखा जा सके और यातायात सुचारू बना रहे।
व्यापारियों का कहना है कि इन कार्यों के पूर्ण होने से न केवल क्षेत्र की सुंदरता में वृद्धि होगी, बल्कि यह स्थान आम नागरिकों के लिए एक बेहतर और सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मंत्री के नेतृत्व में इस जनहित कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष जसपाल छाबड़ा, राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स के संयोजक केवल कुमार तथा डिस्पेंसरी रोड के संयोजक अशोक अग्रवाल सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।



