मध्य-पूर्व की भू-राजनीति पर राज्यपाल से विशेषज्ञों की चर्चा, भारत के संतुलित दृष्टिकोण पर दिया जोर

देहरादून, 22 मार्च 2026 । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से रविवार को लोक भवन में समुद्री एवं सामरिक क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मध्य-पूर्व एशिया में वर्तमान भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई।
राज्यपाल ने इस अवसर पर भारत के संतुलित, शांतिपूर्ण एवं रणनीतिक दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत सदैव वैश्विक शांति, स्थिरता और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में सामरिक सूझबूझ और संतुलन अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में सामरिक जागरूकता, समुद्री सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। राज्यपाल ने विशेषज्ञों के अनुभव एवं सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के विचार-विमर्श नीति निर्माण और जन-जागरूकता के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर रियर एडमिरल पीयूष पावसी, वाइस एडमिरल ए. जी. थपलियाल (से नि), पूर्व एडीजी कोस्ट गार्ड श्री कृपा नौटियाल (से नि) तथा सीईओ सी एंड कोस्ट मीडिया श्री अमित कुमार उपस्थित रहे।

