नवरात्र के पहले दिन बदला मौसम, मसूरी-नैनीताल में बारिश

देहरादून 19 मार्च। नवरात्र के पहले दिन उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। पहाड़ों में सुबह से हल्की वर्षा हुई है। मैदानी क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहे। मसूरी, हल्द्वानी, नैनीताल, बागेश्वर, कोटद्वार में बारिश हुई। वहीं पूरे राज्य में मैदान से पहाड़ तक बादल छाए रहें।
कई पहाड़ी क्षेत्रों में गुरुवार सुबह से हल्की बारिश होने से ठंड में इजाफा हो गया है। ठंड बढ़ने के चलते लोगों ने फिर से गर्म कपड़े निकाल लिए हैं और बचाव के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।गुरुवार तड़के करीब तीन बजे से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। इसके बाद सुबह करीब छह बजे से हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो रुक-रुककर जारी रही। हिमालयी क्षेत्रों में मौसम विभाग ने हिमपात की संभावना जताई है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। मौसम में आए इस बदलाव से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोग जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।



